संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/महरौनी। नए जैन मंदिर का ताला तोड़ यहां विराजमान दो मूर्तियां चोर उठा ले गए। पुलिस ने जांच-पड़ताल की। इस घटना से जैन श्रद्धालुओं में रोष है।
कस्बा महरौनी के कंचनपुरा में दिगंबर जैन पंचबल यति मंदिर है। मंदिर में सुबह शाम जैन समाज के लोग पूजा-अर्चना करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो यहां दरवाजे पर लगा ताला टूटा था। अंदर विराजमान भगवान वांसपूज्य और मल्लिनाथ की मूर्तियां नदारद थीं। चोर करीब 10-10 किलोग्राम वजन व नौ-नौ इंच ऊंची पीतल की मूर्तियां चुरा ले गए थे। चोरों ने खिड़की के कांचों को तोड़कर इस घटना को अंजाम दिया। मंदिर में चोरी होने की जानकारी पर जैन समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। महरौनी पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। श्रद्धालु कैलाश चंद्र चौधरी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का चल रहा था काम
दिगंबर जैन पंचकालपति मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए हाल ही में सीसीटीवी कैमरे लगवाने का काम शुरू हुआ था। इस कारण से मंदिर में चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड नहीं हो सकी। अब पुलिस मंदिर के आसपास स्थित मकानों, दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है।
-
...पूर्व में मंदिरों में हो चुकीं चोरी की घटनाएं
- 4 नवंबर 2016 को मोहल्ला चौबयाना स्थित बाबाघाट मंदिर से अष्टधातु की भगवान राम, सीता, लक्ष्मन, लड्डू गोपाल की मूर्तियां व चांदी के धनुष-बाण, छात्र सहित हनुमान की गदा हुआ था चाेरी।
- 7 जनवरी 2017 को थाना नाराहट के डोंगराखुर्द स्थित प्राचीन जैन मंदिर के शिखर पर लगा करीब 700 ग्राम वजन का सोने का कलश हुआ था चोरी।
- एक नवंबर 2017 को थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सोंरई स्थित प्राचीन मंदिर के गर्भगृह से बेशकीमती पांच देव प्रतिमाएं, तीन किलोग्राम वजन का चांदी का छत्र, स्वर्ण कलश, दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नगदी चुरा ले गए थे।
- सितंबर 2022 में थाना नाराहट के ग्राम पारौल स्थित प्राचीन जैन मंदिर से 16 मूर्तियां और चार छत्र चोर चुरा ले गए थे।
- 15 सितंबर 2023 को थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम खाकरौन स्थित राम जानकी मंदिर से श्रीराम, सीता, लक्ष्मन व गरुड़ की मूर्ति, सोने के मुकुट, चांदी के छत्र व थाली, सीता माता की सोने की नथ, पीतल के घंटे, दानपेटी सहित वाद्ययंत्र हुए थे चोरी।
- नवंबर 2023 में मड़ावरा के ग्राम सोंरई स्थित जैन मंदिर के गर्भगृह में रखी पीली धातु की पांच मूर्तियां, चांदी के छत्र व कलश हुआ था चोरी।
-
मुकदमा दर्ज कर डाल दिया ठंडे बस्ते में
मंदिरों में चोरी की घटनाओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद इन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया। इतने वर्ष गुजर जाने के बाद भी पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हुई है।