ललितपुर के थाना जाखलौन के एक गांव में किशोरी के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म किया। किशोरी की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं मामले में किशोरी की मां ने जाखलौन थाने में पीड़िता के पिता को दिन भर बैठाने और राजीनामा कराने के आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने रिश्ते की चाची और युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना जाखलौन थाना अंतर्गत एक ग्राम निवासी (16 ) किशोरी के पिता ने बताया कि करीब तीन माह पहले उसकी पत्नी मायके गई थी और वह गांव से कुछ काम से बाहर गया था। तभी उसके पड़ोस ही रहने वाली सुमन पत्नी देश सेन और गांव के राजेश पुत्र रामपाल लोधी ने उसकी बेटी बुलाया और नशे की गोली देकर उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म कराया गया। नशे की हालत में ही बेटी को घर पर छोड़ गए। कुछ समय बाद जब वह घर आया तो बेटी बेहोश हालत में मिली। जिसको अस्पताल ललितपुर ले गया और उसके ठीक होने पर उसने पूछा तो उसने कुछ नहीं कहा।
दो अक्तूूबर को उसकी बेटी की हालत फिर खराब हो गई। जिस पर उसे अस्पताल ले आए। जहां ठीक होने पर उसने पूछा तो उसने बताया कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। आगे बताया कि वो लोग उसके पूरे परिवार को मरवा डालेंगे। थाना जाखलौन पुलिस ने मामले में आरोपी महिला के खिलाफ षड़यंत्र एवं आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
एसपी ने किशोरी के परिजनों से जाना हाल
पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने किशोरी के साथ तीन माह में दूसरी बार दुष्कर्म होने की जानकारी मिलने पर जिला अस्पताल पहुंचकर किशोरी का हालचाल जाना और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पीड़िता की मां ने गैंगरेप और पुलिस पर लगाए राजीनामा कराने के आरोप
दो दिन पहले एक वीडियो में जहां पीड़िता की मां ने उसकी बेटी के साथ एक महिला द्वारा षड़यंत्र करके पड़ोसी एक युवक पर गोली खिलाकर दुष्कर्म करने के आरोप लगाए। वहीं दूसरी वीडियो में चार लोगों द्वारा उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किए और परिवार की बहू पर दुष्कर्म कराने में मदद करने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोप लगाया कि जब उसका पति रिपोर्ट कराने थाने गया तो उसे दिन भर बैठाए रखा और राजीनामा कराया गया। उसने चेतावनी दी है कि यदि उसकी बेटी के साथ कोई अनहोनी होती है तो वह डीएम और जज के बंगले पर धरना देकर बैठेंगे।
थाना जाखलौन में एक तहरीर प्राप्त हुई है। जिसमें एक किशोरी का महिला द्वारा षड्यंत्र के तहत दुष्कर्म कराया गया है। इसमें एक महिला और एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित हो चुकी हैं। जिला अस्पताल जाकर पीड़िता से बात की गई है। उसके बयान लिए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
-गोपाल कृष्ण चौधरी, पुलिस अधीक्षक।