ललितपुर। राजकीय बालिका इंटर कालेज में कला उत्सव के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कालेज अव्वल रहा है। इस मौके पर वक्ताओं ने भ्रूण हत्या पर अंकुश लगाने और बेटियों को पढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम प्रकाश यादव ने कहा कि बेटियों के साथ हो रहे भेदभाव को समाप्त करना होगा। बेटियां किसी से कम नहीं हैं, उन्हें समान अवसर देने होंगे। प्रधानाचार्य पूनम मलिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं के सम्मान का ख्याल रखा गया है। इसे धर्म से भी जोड़ा गया है, जिसका ताजा उदाहरण शारदीय नवरात्र है। नवरात्र के अंतिम दिनों में कन्याओं का भोज कराया जाता है।
इससे पहले राजकीय बालिका इंटर कालेज ललितपुर की छात्राओं व सरस्वती मंदिर इंटर कालेज मड़ावरा के छात्रों ने जिला स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता में भाग लिया। इसमें मड़ावरा के छात्रों ने राई नृत्य प्रस्तुत किया। लेकिन, छात्राओं के सामने टिक नहीं सके और उन्हें दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। इस तरह दृश्यकला में जीजीआईसी तालबेहट, नृत्य प्रतियोगिता में जीजीआईसी ललितपुर, नाटक में जीजीआईसी महरौनी व संगीत में नगर पालिका बालिका इंटर कालेज की टीम चुन ली गई। अब चयनित टीमें राज्य स्तर के आयोजन में शामिल होंगी। यदि यहां भी विजय रहती हैं तो उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा।