ललितपुर। बहाने से घर बुलाकर नाबालिग किशोरी को कमरे में बंद करके अश्लील हरकतें करने और शोर मचाने पर धमकी देने की शिकायत महिला ने डीआईजी को भेजे प्रार्थना पत्र में की है। महिला ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।
थाना जखौरा अंतर्गत एक ग्राम निवासी नाबालिग किशोरी आठ नवंबर को अपने घर पर थी। जबकि उसकी मां इलाज करवाने के लिए गई थी। दोपहर को गांव का एक व्यक्ति घर आया और किशोरी को रुपयों का लालच देेकर शराब क्वार्टर लेने भेज दिया। किशोरी क्वार्टर शराब लेने गई, लेकिन शराब नहीं मिली। तब किशोरी आरोपी व्यक्ति के घर रुपये लौटाने के लिए गई।
यहां आरोपी ने किशोरी को घर में बंद कर लिया और गलत हरकतें करने लगा। शोर मचाने पर गला दबाकर जान से मार डालने की धमकी दी। किसी प्रकार किशोरी आरोपी के चंगुल से छूटकर घर के बाहर चिल्लाते हुए निकली। किशोरी ने पूरी घटना अपनी मां को बताई। घटना की रिपोर्ट करने किशोरी अपनी मां के साथ थाना जखौरा गई। लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। 11 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। फिर भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। किशोरी की मां ने डीआईजी झांसी को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें किशोरी की मां ने आरोपी पर बलात्कार की कोशिश करने का आरोप लगाया और किशोरी के स्कूल जाने पर आरोपी से जान को खतरा होने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।