संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नेहरू महाविद्यालय ललितपुर में कला, कृषि, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की प्रवेश समिति की बैठक प्राचार्य डॉ ओमप्रकाश शास्त्री की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई। सभी संकाय के प्रवेश की समीक्षा की गई। प्राचार्य ने कहा कि समयबद्ध होकर सभी संकायों में प्रवेश पूरे करें। छात्र-छात्राओं को प्रेरित कर समय पर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कराएं। समय पर फार्म अग्रसारित किए जाएं। प्रत्येक प्राध्यापक समय से कक्षाओं में उपस्थित होकर शिक्षण कार्य कराते हुए पाठ्यक्रम को पूरा कराए। उन्होंने यह भी बताया कि हर महीने समीक्षा बैठक की जाएगी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बीएससी कृषि प्रथम सेमेस्टर, बीएससी मैथ, बायो, बीकॉम एवं एमएससी कृषि, एमए सभी विषयों में खाली सीटों पर सीधे प्रवेश दिया जाए।
बीएससी कृषि प्रथम सेमेस्टर, एमएससी कृषि प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश परीक्षा जो भी छात्र नहीं दे पाए हैं, वह इन कक्षाओं में सीधे प्रवेश ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त बीएससी बायो, मैथ, बीकॉम एवं एमए में जो छात्र मेरिट में नहीं आए, वह भी सीधे प्रवेश प्राप्त ले सकेंगे। इस दौरान प्रो. आशा साहू, प्रो अनिल सूर्यवंशी, हिमांशुधर द्विवेदी, जितेंद्र कुमार, अनीता, डॉ मनोज कुमार, डॉ रोशन आदि मौजूद रहे।