गेहूं की तौलाई के इंतजार में खड़े ट्रैक्टर ट्राली
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। गल्ला मंडी में करीब एक माह बाद फिर से कारोबार शुरू हो गया है। इससे किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए क्रय केंद्रों पर तौलाई का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, दो दिन से खुल रही मंडी की सूचना कई किसानों तक नहीं पहुंच पाई है। इस वजह से मंडी में किसानों की संख्या कम देखी जा रही है। यहां स्थिति पटरी पर लौटने लगी है।
कोरोना महामारी के संक्रमण पर नियंत्रण सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क लगाकर पाया जा सकता है। मंडी इन दोनों का पालन नहीं हो पा रहा था। जिस पर गल्ला मंडी व्यापार मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने कामकाज बंद कर दिया था। करीब एक महीने तक मंडी में कारोबार बंद रहा। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई थी। अन्य कोई विकल्प नहीं होने से किसानों ने क्रय केंद्रों पर पहुंचना आरंभ कर दिया था लेकिन क्रय केंद्रों पर तौलाई की समस्या देखी जा रही थी। किसानों को कई दिन तक क्रय केंद्रों पर डेरा डालना पड़ रहा था। किसान इस परेशानी से बचने के लिए गल्ला मंडी के खुलने का इंतजार कर रहे थे। सोमवार से गल्ला मंडी में व्यापारियों ने कारोबार आरंभ कर दिया। वर्तमान में लगभग पांच हजार क्विंटल अनाज की आवक हो रही है। सामान्य दिनों में बीस से पच्चीस हजार क्विंटल की आवक होती थी। इस हिसाब से मंडी में अनाज की आवक काफी कम बनी हुई है। अब मंडी खुलने से किसानों ने राहत महसूस की है।
------
एफसीआई का केंद्र खुलने की सूचना पर पहुंचे किसान
अमरपुर मंडी में तीन क्रय केंद्र खोले गए हैं। पिछले दिनों तीन में दो केंद्र बंद हो गए थे। इससे किसानों की उपज की तौलाई नहीं हो पा रही थी। इस समय मंडी में दो केंद्र संचालित हो रहे हैं। तीसरा केंद्र अभी भी संचालित नहीं हो रहा है। किसी ने सूचना दे दी कि एफसीआई के क्रय केंद्र पर तौलाई शुरू हो गई है। इस सूचना को पाकर किसान ट्रैक्टर ट्राली में उपज लादकर मंडी पहुंच गए। इस तरह केंद्र पर ट्रैक्टर ट्राली की कतार लगने लगी है।
अमरपुर मंडी में एफसीआई का केंद्र खुलने की सूचना पर पहुंचे ट्रैक्टर ट्राली- फोटो : LALITPUR