ललितपुर। अपर आयुक्त खाद्य तथा रसद ने निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत सभी अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को प्रति व्यक्ति/ यूनिट पांच किलोग्राम के अनुसार नि:शुल्क वितरण के लिए चावल जारी किया गया है। चावल का वितरण 15 अप्रैल से किया जाएगा।
अप्रैल का नियमित आवंटन का वितरण 12 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। जिन उचित दर विक्रेता के यहां वर्तमान में संचालित नियमित वितरण पूर्ण होता जाए, वहां अतिरिक्त खाद्यान्न का उठान कराया जाए।जहां डोर स्टेप डिलीवरी लागू है, वहां जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा नियुक्त ठेकेदार के माध्यम से उचित दर विकेताओं के यहां खाद्यान्न 13 अप्रैल तक अवश्य पहुंच जाए। जहां डोर स्टेप डिलीवरी लागू नहीं है, वहां उचित दर विकेता आवंटित खाद्यान्न (चावल) को 13 अप्रैल तक उठा लेंगे। नि:शुल्क चावल का वितरण 15 अप्रैल से किया जाएगा और 26 अप्रैल से पहले पूरा कर लिया जाएगा। अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी दोनों कार्डधारकों को खाद्यान पांच किलोग्राम प्रति यूनिट के अनुसार होगा।
इस खाद्यान(चावल) का कोई भी मूल्य उपभोक्ता से नहीं लिया जाएगा। उचित दर दुकान पर सैनिटाइजर/साबुन/पानी रखा जाए और हाथ धोने का इंतजाम किया जाए। एक दुकान पर एक समय पांच से अधिक उपभोक्ता न रहें और सोशल डिस्टेन्सिंग बनाए रखें। प्रत्येक दुकान पर जिलाधिकारी द्वारा नामित नोडल अधिकारी अनिवार्यत: उपस्थित रहें। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी भ्रमणशील रहकर पारदर्शी खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित कराएं।