ललितपुर। एसडीएम सदर की मौजूदगी में नदीपार स्थित पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध तरीके से निर्मित चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से अन्य अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही।
विज्ञापन
शनिवार को एसडीएम सदर गजल भारद्वाज, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डा. संजय कुमार मिश्र, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता सुबोध कुमार और अन्य कर्मचारी पुलिस बल की मौजूदगी में नदीपार स्थित चार दुकानों को जेसीबी से ढहाने पहुंचे। पहले पीडब्ल्यूडी कर्मियों ने नापजोख की, जिसमें पाया गया कि दुकानें पीडब्ल्यूडी की भूमि पर बनी हुई हैं। दुकानों को हटाने के लिए कहा गया, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया।
इस पर एसडीएम सदर गजल भारद्वाज की उपस्थिति में जेसीबी ने बारी-बारी से चारों दुकानों का अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। इससे अन्य अतिक्रमणकारी सतर्क हो गए हैं। उधर, अधिशासी अधिकारी ने कहा कि जो भी नगर पालिका एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए हुए हैं, वे एक सप्ताह के अंदर हटा लें। वरना, अतिक्रमण हटा दिया जाएगा, साथ ही उनसे हर्जाना वसूला जाएगा।