ललितपुर। शहर के तीन मोहल्लों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किया गया है। यहां पर किसी व्यक्ति को प्रवेश और बाहर जाने की अनुमति नहीं है। उपजिलाधिकारी के के सिंह ने कोरोना संक्रमित क्षेत्र के ढाई सौ मीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करके पूरी तरह से सील कर दिया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में आवश्यक वस्तुएं सब्जी, दूध, फल की आपूर्ति मोबाइल बैरियर तक की जाएंगी।
मोहल्ला गांधीनगर के दो संक्रमित क्षेत्र, सिविल लाइन, तालाबपुरा आदि मोहल्लों के संक्रमित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किया गया है। दो पहिया, चार पहिया वाहन व हाथ ठेला आदि का आवागमन प्रतिबंधित है। क्षेत्र में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट को विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। आपात सेवाओं से जुडे़ व्यक्तियों की जांच होने के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ महामारी अधिनियम की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शहर के मोहल्ला आजादपुरा और सुभाषपुरा के पांच - पांच संक्रमित क्षेत्रों में 14 दिन तक किसी व्यक्ति में संक्रमण न पाए जाने पर कंटेनमेंट जोन हटा दिया गया है।