ललितपुर। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लिए गए 1,466 सैंपलों की जांच के दौरान आठ वर्षीय बालक समेत चार व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए।
बीते सप्ताह एक व दो संक्रमित मिल रहे थे, लेकिन सोमवार को संक्रमितों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। ऐसे में संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न सैंपल बूथ कलेक्शन सेंटर से 1,466 व्यक्तियों के नमूने लिए। इनमें 642 सैंपल आरटीपीसीआर जांच को मेडिकल कॉलेज झांसी भेजे गए। छह सैंपल ट्रू-नॉट किट से और 818 सैंपल एंटीजन किट से लिए गए हैं। इनमें एंटीजन किट सैंपल की आई जांच रिपोर्ट में चार व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमितों में ब्लाक बिरधा के अंतर्गत ग्राम उमरिया निवासी आठ वर्षीय बालक व ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम चिगलौआ निवासी 25, 27 व 36 वर्षीय युवक कोविड संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक को होम आइसोलेशन और तीन को एल - 2 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में भर्ती कराया है।
-----
1,215 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी
जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,470 पहुंच गई। इनमें 47 की मौत हो चुकी और 3,397 संक्रमित स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए हैं। वर्तमान में 26 संक्रमितों को उपचार दिया जा रहा है। बीते पांच दिनों से आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए 1,215 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
-----
1,466 व्यक्तियों के कोविड सैंपलों की जांच रिपोर्ट में आठ वर्षीय बालक समेत चार संक्रमित पाए गए हैं।
- डा. डीके गर्ग
मुख्य चिकित्सा अधिकारी
कोविड नियमों का पालन करते हुए खोले जाएंगे प्राथमिक विद्यालय
ललितपुर। विकासखंड महरौनी के अंतर्गत कन्या प्राथमिक विद्यालय पठा का खंड शिक्षा अधिकारी महरौनी राजकुमार पुरोहित ने निरीक्षण किया। उन्होंने एक मार्च से विद्यालय खुलने पर कोविड प्रोटोकॉल का विधिवत पालन करने के निर्देश दिए हैं। खंड शिखा अधिकारी ने मिशन प्रेरणा के उद्देश्य और आधारशिला, ध्यानाकर्षण और शिक्षण संग्रह मॉड्यूल से संबंधित चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों के सीखने के स्तर में अंतर होने से उनकी पूरी शिक्षा प्रभावित होती है। कक्षा एक और दो में बच्चों की बुनियादी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इसके लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश द्वारा भेजी गई सहज पुस्तकें एवं सामग्री का समुचित उपयोग किया जाए। उन्होंने अभिभावक संपर्क करने, रीड एलोंग एप, दीक्षा एप डाउनलोड कराने, दूरदर्शन उत्तर प्रदेश की ई- पाठशाला तथा व्हाट्सएप समूह के माध्यम से बच्चों के सीखने को जारी रखने की बात कही। विद्यालय में बच्चों के लिए सैनीटाइजर एवं नि:शुल्क मास्क उपलब्ध कराने की तैयारी की प्रशंसा की। एक मार्च से विद्यालय खुलने पर कोविड प्रोटोकॉल का विधिवत पालन करने के लिए कहा।
खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के प्रिंट रिच इनवायरमेंट, तैयार किए गए टीएलएम तथा विद्यालय के बाल मैत्रिक वातावरण सृजन की प्रशंसा की। उन्होंने शिक्षकों के अभिनव प्रयोग स्कूल आन दी व्हील की सराहना की। इस मौके पर प्रधानाध्यापक कृष्ण मुरारी उपाध्याय मौजूद रहे।