ललितपुर। मंगलवार को जिले में चार व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें तालबेहट निवासी एक किशोर व तीन शहर क्षेत्र में संक्रमित पाए गए हैं। अब संख्या बढ़कर 61 पहुंच गई है।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शहर के मोहल्ला सरायपुरा में अब तक सबसे अधिक संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। मंलवार को सरायपुरा निवासी 49 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है। मोहल्ला तालाबपुरा अटा मंदिर के पीछे निवासी एक 45 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है। मोहल्ला मवेशी बाजार/ रावतयाना निवासी 28 वर्षीय महिला प्रसव के जिला महिला अस्पताल आई, जहां पर कोविड- 19 जांच कराए जाने के लिए कहा गया। जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। तालबेहट के मोहल्ला तिवरयाना निवासी एक 15 वर्षीय किशोर संक्रमित है। इसका सैंपल इसके पिता व बहन के संक्रमित होने के बाद लिया गया, जिसमें कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उसे तालबेहट के एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।
कोरोना संक्रमित चार मरीज पाए गए हैं। इनमें एक को झांसी व तीन को तालबेहट के एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी