ललितपुर। थाना बानपुर के अंतर्गत ग्राम दिरौनी के मजरा ढिंगरया में चार दिन से लापता एक ग्रामीण का शव बुधवार की सुबह गांव के बाहर आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। बानपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बानपुर के ग्राम दिरौनी के मजरा ढिंगरया निवासी किशनलाल (40) पुत्र चिमन अहिरवार चार जून की रात को किसी बात से परेशान होकर घर पर बिना बताए कहीं चला गया था। देर रात तक नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों से निकले तो गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर किशनलाल का शव रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटकता मिला।
सूचना मिलने पर थाना बानपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई मुलू अहिरवार ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने एक महिला से साथ उसके भाई पर छेड़छाड़ और चोरी का झूठा आरोप लगाया था, इसके बाद से वह परेशान चल रहा था और चार जून की रात को वह घर से बिना बताए कहीं चला गया था। अब बुधवार को सुबह गांव के बाहर करीब आधा किलोमीटर दूर एक आम के पेड़ पर उसका शव लटका मिला। मृतक के एक बेटा व चार बेटियां हैं। वह पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। वहीं इस मामले में थानाध्यक्ष बानपुर अलमा अहिरवार ने बताया कि किशनलाल की फांसी लगाने से मौत हुई है। किशनलाल के खिलाफ उनके पास कोई शिकायती पत्र नहीं आया। मामले की जांच की जा रही है कि आखिर उसने फांसी किन परिस्थितियों में लगाई है।