तालबेहट और महरौनी नगरीय सीमा में आने वाले विद्यालयों को किया जा रहा चिह्नित
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर की विस्तारित सीमा में आने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के चार विद्यालयों को नगर क्षेत्र में शामिल कर लिया गया है। वहीं, तालबेहट और महरौनी की नगरीय सीमा में आने वाले विद्यालयों की सूची तैयार करने में शिक्षा विभाग जुटा है। इन विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं अब नगर क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में आसानी से स्थानांतरित हो सकेंगे।
जनपद में 1357 परिषदीय विद्यालय हैं। इसमें 866 प्राइमरी, 320 जूनियर और 171 कंपोजिट विद्यालय हैं। इनमें शहर के नगरीय क्षेत्र में कुल 26 विद्यालय आते हैं। इसमें आठ कंपोजिट, एक कंपोजिट और 17 प्राइमरी के विद्यालय हैं। हाल ही में शासन ने नगरीय सीमा विस्तार में आने वाले ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों को नगर क्षेत्र में शामिल करने के आदेश दिए थे। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू करते ऐसे विद्यालयों को चिह्नित किया।
नगर क्षेत्र में शामिल होने वालों में प्राइमरी विद्यालय सहरिया बस्ती ग्राम पनारी, प्राइमरी विद्यालय मसौरा बैरियर, प्राइमरी विद्यालय जुगपुरा और जूनियर हाईस्कूल जुगपुरा हैं। अब यहां के शिक्षकों को नगर क्षेत्र के स्कूल की सुविधाएं मिलेंगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के चार विद्यालयों को नगर क्षेत्र में शामिल किया गया है। महरौनी और तालबेहट नगर क्षेत्र की विस्तारित सीमा में आने वाले विद्यालयों की सूची तैयार की जा रही है।