संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रदेश सरकार के आठ साल पूर्ण होने पर तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कल्याण सिंह सभागार में किया। उन्होंने 11.27 करोड़ रुपये की 126 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में डबल इंजन की सरकार ने सुरक्षा, सुशासन और विकास की जिस यात्रा को प्रारंभ किया था, वह पूरे देश के समक्ष एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत है। इस बदलाव के पीछे ट्रिपल सी यानी कल्चर, कनेक्टिविटी और कॉमर्स का मंत्र है।
बेहतर ढांचा भी जीवन बेहतर बनाने के साथ निवेशकों को कम लागत में अधिक उत्पादन की गारंटी देता है। ये दोनों पक्ष मिलकर सामाजिक और आर्थिक परिवेश में क्रांतिकारी बदलाव ला रहे हैं। इस दौरान सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन, राज्यमंत्री प्रतिनिधि चंद्रशेखर पंथ, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी केके पांडेय, पीडी डीआरडीए दीपक यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ इम्तियाज अहमद आमौजूद रहे।
विकास कार्यों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन : कल्याण सिंह ऑडिटोरियम में प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने विगत 8 वर्षों में किए गए विकास कार्यों व योजनाओं के स्टॉल व चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। महाकुंभ के आयोजन पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन एवं सूचना विभाग द्वारा तैयार कराई गई विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के 40 लाभार्थियों को टूल किट व मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में अच्छे कार्य करने वाले बैंक कर्मियों को प्रशस्ति पत्र सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र व योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।