घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना मड़ावरा क्षेत्र में प्रेमिका को लेकर हुए विवाद में छत से फेंककर घायल करने का आरोप युवक ने पूर्व प्रेमी पर लगाया है। घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
थाना मड़ावरा अंतर्गत एक ग्राम निवासी ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसका गांव की एक महिला से पिछले तीन साल से प्रेम संबंध हैं। आरोप लगाया कि सोमवार की शाम मप्र निवासी एक युवक (जो उसकी प्रेमिका का पूर्व प्रेमी था) आया और घर में सोते समय उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके साथ उसकी पिटाई की और छत से नीचे फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर आए और 108 एंबुलेंस की मदद से मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
यहां इलाज के दौरान प्रेमिका पहुंच गई और उसका हालचाल जाना। यहां चिकित्सकों ने घायल युवक की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। थाना मड़ावरा प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि अभी इस संबंध में किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।