ललितपुर। शासन के निर्देश पर ऊर्जा विभाग द्वारा ट्यूबवेल के बकाया बिलों के भुगतान के लिए ‘किसान आसान किस्त’ योजना शुरू की है। इसमें किसान छह आसान किस्तों में अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे। किसानों को 31 जनवरी तक के बकाया जमा करने पर ब्याज में सौ फीसदी छूट मिलेगी। किसान आसान किस्त योजना के तहत एक फरवरी से 29 फरवरी के मध्य किसान अपने नलकूप बिजली कनेक्शन का बकाया का पांच फीसदी या पंद्रह सौ रुपये नजदीकी सीएससी, उपखंड कार्यालय या अधिशासी अभियंता कार्यालय में जमा करना होगा। वर्तमान बिल भी जमा करना होगा। इसके बाद उन्हें छह किस्तों में बिल के बकाए का भुगतान का विकल्प मिल जाएगा। किसानों को हर माह किस्त के साथ उस महीने का बिल भी जमा करना होगा। सभी बकाए का समय से भुगतान करने पर ही किसानों को ब्याज माफी का लाभ मिल सकेगा।
अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार कटियार ने बताया कि उपभोक्ताओं को वसूली के लिए नोटिस दिए गए हैं। वह भी इस योजना का लाभ ले सकेंगे। न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों वाले भी इस योजना के तहत लाभ उठा सकते हैं। उन्हें इसके लिए शपथ पत्र जमा करना होगा कि अंतिम निर्धारण के बाद वह समस्त बिलों का भुगतान करेंगे। योजना के तहत बिल संशोधन की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगा, जो नियमित तौर पर समय से अपने बिल का भुगतान करेंगे।