संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नाराहट वन क्षेत्र में मध्य प्रदेश की सीमा से सटा कनकनद्दर जल प्रताप है। वर्तमान में यहां जाने के लिए 25-30 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। जबकि, नाराहट क्षेत्र डोंगरा से मात्र पांच किलोमीटर दूर है। इस वन मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए वन विभाग कार्ययोजना तैयार कर रहा है, जिससे यहां पर्यटन विकास हो सके।
जंगलों में प्राचीन व प्राकृतिक सौंदर्य के स्थल मौजूद हैं, लेकिन इनके लिए पहुंच मार्ग नहीं है। इन सभी स्थलों को विकसित करने के लिए अब कार्ययोजना तैयार की जा रही है। वन संरक्षक के निर्देश पर सबसे पहले नाराहट वन क्षेत्र से कनकनद्दर जाने वाले मार्ग का निर्माण किया जाएगा। डोंगरा गांव से वहां की दूरी मात्र पांच किलोमीटर है। लेकिन, वर्तमान में रास्ता खराब होने के कारण लोगों को मालथौन होते हुए तीस किलोमीटर घूमकर जाना होता है। कनकनद्दर में करीब तीस फीट ऊंचा जल प्रपात है, जिसकी प्राकृतिक छवि देखते ही बनती है।
नाराहट वन क्षेत्र से कनकनद्दर जाने वाले मार्ग को बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जल्द ही इसे शासन को भेजा जाएगा। आचार संहिता समाप्ति के बाद तेजी से कार्य किया जाएगा।
गौतम सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी।