संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा। शासन के कड़े निर्देश के बावजूद रेंज में अवैघ लकड़ी कटान पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सोमवार रात जलंधर और सौरई के जंगलों में वनविभाग टीम ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली में लदी 15 पेड़ों की खैर की लकड़ी बरामद की। मौका पाकर आरोपी भाग गए।
रेंजर मोहम्मद नदीम ने बताया कि मड़ावरा क्षेत्र में अवैध कटान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई है जिसमें खैर के अवैध कटान में लिप्त आरोपी शिवप्रताप पुत्र लोकेंद्र परमार निवासी ग्राम सौंरई थाना मड़ावरा और उसके चार अज्ञात साथी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। बरामद ट्रैक्टर ट्रॉली मय खैर की लकड़ी को कब्जे में लेते हुए मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है साथ ही एक स्कूटी भी मौके से बरामद की गई जो आरोपी शिवप्रताप की बताई गई है।
00000000000
वनप्रहरी को धमकी दे रहा आरोपी
खैर के अवैध कटान के मामले में आरोपी शिवप्रताप द्वारा सौंरई क्षेत्र के वन प्रहरी को धमकी देने का मामला भी संज्ञान में आया है। बताया गया है कि वनप्रहरी को आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी है। वनप्रहरी द्वारा उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए पुलिस कार्यवाही की मांग की गई है।