यात्रियों को मिलेगी सुविधा, रेल पटरी पार करते समय होने वाले हादसों में आएगी कमी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ललितपुर सेक्शन में रेलवे सभी स्टेशनों पर फुटओवरब्रिज का निर्माण कराएगा। इनमें से बिजरौठा और जखौरा रेलवे स्टेशन पर फुटओवरब्रिज के निर्माण का काम शुरू हो गया है। जबकि ललितपुर रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर के फुटओवरब्रिज का काम लगभग पूरा हो चुका है।
ललितपुर और तालबेहट स्टेशनों को छोड़कर अभी किसी भी स्टेशन पर फुटओवरब्रिज नहीं है। इसके कारण यात्री रेल पटरियां पार करके एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आ जा रहे हैं। ऐसे में कई बार रेल पटरियां पार करते हुए लोग ट्रेन हादसों का शिकार हो जाते हैं। इससे जहां यात्रियों की जान को जोखिम बना रहता है, वहीं ट्रेनों की लेटलतीफी भी होती है। ऐसे में अब रेलवे की ओर से ललितपुर सेक्शन के सभी 13 रेलवे स्टेशनों पर फुटओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके तहत अभी बिजरौठा और जखौरा रेलवे स्टेशन पर इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। जबकि अन्य रेलवे स्टेशनों आगासौद, करौंदा, मोहासा, जीरोन, जाखलौन, दैलवारा, तालबेहट, माताटीला, बसई के अलावा ललितपुर से टीकमगढ़ रेलखंड में बिरारी और उदयपुर रेलवे स्टेशनों पर भी फुटओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा।
यह सभी फुटओवरब्रिज लगभग तीन मीटर चौड़ाई के बनाए जाने हैं। वहीं ललितपुर स्टेशन पर अभी तीसरा 12 मीटर चौड़ा फुटओवरब्रिज बनाने का काम चल रहा है, जो लगभग बनकर तैयार हो गया है और जल्द ही यह यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं ललितपुर स्टेशन पर ही जीआरपी की ओर भी नेहरूनगर वासियों के लिए स्टेशन पर बाहर से बाहर आने जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण हो रहा है। जबकि तालबेहट में भी 12 मीटर चौड़ा फुटओवरब्रिज बनाया जाना है।
ललितपुर सेक्शन में आगासौद से माताटीला तक और टीकमगढ़ रूट पर बिरारी व उदयपुरा स्टेशन पर फुटओवरब्रिज बनाए जाने हैं। अभी बिजरौठा और जखौरा में फुटओवरब्रिज बनाने का काम शुरू हो गया है।
-मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।