ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उदयपुरा में दो दिन पहले घर से गए लोक गायक का शव रेल पटरियों पर पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम पाह निवासी मंगल (37) पुत्र कीरत घोष लोक गायक था। वह मंडली के साथ सुंदरकांड पाठ भी करता था। जिसके चलते वह अक्सर अन्य गांवों में जाकर सुंदरकांड व लोकगीत कार्यक्रम में शामिल होता था। बीते बृहस्पतिवार की शाम को भी घर से बिना बताए कहीं निकल गया। जिस पर परिजनों ने शुरू में समझा कि वह किसी कार्यक्रम में गायन के लिए गया होगा। जब वह अगले दिन भी लौटकर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला।
शनिवार को सुबह उसका शव उदयपुरा गांव में रेलवे स्टेशन से ललितपुर की ओर रेल पटरियों पर पड़ा मिला। कोतवाली पुलिस को उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई संतोष ने बताया कि उसका भाई बिना बताए ही बृहस्पतिवार की शाम को घर से निकल गया था। शनिवार को सुबह पुलिस ने उसकी मौत होने की सूचना दी। उसकी मौत कैसे हुई इसकी जानकारी उसे व परिजनों को नहीं है। मृतक के दो बेटे हैं और वह चार भाई व एक बहन में तीसरे नंबर का था।