ललितपुर। थाना बार अंतर्गत ग्राम हीरापुर में मां के साथ अपने नाना के यहां रह रहे पांच वर्षीय पीयूष को सोमवार को अचानक उल्टियां और चक्कर आने लगे। परिजन उसे एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे और इलाज कराया। आराम न मिलने पर उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृत बालक के मौसा जाहर सिंह ने बताया कि पीयूष (5) निवासी ग्राम रमेशरा कल्यानपुरा जन्म से ही अपने नाना के यहां हीरापुर में मां बबीता के साथ रह रहा था। दो दिन पूर्व पीयूष को दस्त आने लगा। गांव में ही इलाज कराने पर आराम हो गया था। सोमवार सुबह पीयूष ने चाय पी और बिस्कुट खाए। दोपहर में अचानक पीयूष की हालत बिगड़ गई और उसे उल्टियां व चक्कर आए। आनन फानन वे लोग पीयूष को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। हालत में सुधार न हाेने पर चिकित्सक ने झांसी ले जाने की बात कही। वे लोग पीयूष को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। वे लोग बालक के शव को घर ले ही जाने वाले थे कि उसके दादा व अन्य परिजन आ गए और उन्होंने पोस्टमार्टम कराने की बात कही। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बालक की मौत के सही कारण का पता चलेगा।