उप्र पॉवर कार्पोरेशन के आदेश पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी विद्युत विभाग द्वारा चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। शनिवार को अधिशासी अभियंता प्रशांत सिंह के निर्देश पर उपखंड अधिकारी प्रेमचंद व अवर अभियंता एसपी सिंह द्वारा बाईपास सब स्टेशन में स्थापित कल्यानपुरा फीडर के अंतर्गत ग्राम बहरौनी, दैलवारा, गंगचारी, बरौरी व सिमरिया में घर-घर जाकर चेकिंग की। चेकिंग में खास बात यह रही कि इन ग्रामीण इलाकों में किसी भी उपभोक्ता द्वारा महीनों से बिजली के बिल का भुगतान नहीं किया गया है, साथ ही चेकिंग में भी कोई उपभोक्ता भुगतान करने को तैयार नहीं हुआ। पांच गांवों के उपभोक्ताओं पर करीब 12 लाख रुपये से अधिक का बकाया बताया गया। जिसके चलते विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर चेकिंग टीम ने पांचों गांव के विद्युत कनेक्शन काट दिए। वहीं, इसी फीडर के अंतर्गत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर चेकिंग की गई, जहां सात आटा चक्कियों के कनेक्शन भी बकाया अदा न करने पर काट दिए गए। इसके अलावा अवैध कटिया धारकों की भी चेकिंग की। हालांकि, चेकिंग टीम की जानकारी मिलने पर लोगों ने अवैध कटिया हटा ली।
वहीं, ग्राम पनारी स्थित एक आईसफैक्ट्री का कनेक्शन भी छह लाख रुपए की बकाएदारी होने पर काट दिया गया। विद्युत विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्रों में दिन भर हड़कंप मचा रहा। विभागीय टीम ने तालबेहट में पांच मीटर बदलने का कार्य भी किया। विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों से शनिवार को डेढ़ लाख रुपए के राजस्व की वसूली की गई।
---------