संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रेलवे स्टेशन पर रोजाना पांच ट्रेनों से पांच हजार से अधिक श्रद्धालु प्रयागराज की यात्रा कर रहे हैं। वहीं, विशेष स्नान के दिनों के दौरान यह संख्या आठ से दस हजार तक पहुंच जा रही है।
महाकुंभ जाने के लिए तीन नियमित ट्रेनों के अलावा दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन पहले से हो रहा है। जबकि, भीड़ अधिक होने की स्थिति में अलग से दो कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। माघ पूर्णिमा और वसंत पंचमी पर कुंभ में संगम स्नान को लेकर रोजाना सात से आठ हजार श्रद्धालु सिर्फ ट्रेनों से ही रवाना हुए। जबकि, बीते दो दिन पहले ही बीना-प्रयागराज छिवकी स्पेशल ट्रेन के अलावा भीड़ काफी अधिक होने की स्थिति में रेलवे को दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन ललितपुर रेलवे स्टेशन से ही करना पड़ा। साढ़े चार हजार से अधिक श्रद्धालु इसमें रवाना हुए। रविवार को भी स्पेशल ट्रेनों के अलावा नियमित ट्रेनों से दो हजार श्रद्धालु रवाना हुए।
कुंभ के लिए 250 से 300 वाहन रोज हो रहे रवाना
जनपद से प्रयागराज जाने के लिए रोजाना ढाई सौ से तीन सौ वाहन ट्रेवल एजेंसियों के माध्यम से रवाना हो रहे हैं, जिनमें लगभग डेढ़ हजार श्रद्धालु जा रहे हैं। जबकि, रोजाना डेढ़ सौ से अधिक निजी वाहन कुंभ जा रहे हैं, जिनमें सात सौ से आठ सौ श्रद्धालु जा रहे हैं। इस प्रकार रोजाना 2200 से 2300 श्रद्धालु कुंभ स्नान के लिए सिर्फ चार पहिया वाहनों से पहुंच रहे हैं। तीन से चार बसें भी रोजाना कुंभ जा रही हैं। विशेष स्नान के समय वाहनों की संख्या इसकी दोगुनी तक पहुंच जाती है।