तालबेहट। खनन कारोबारी लॉकडाउन में भी अवैध खनन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। रविवार को रात में पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुुमार सिंह ने तेरई फाटक चौकी के अंतर्गत ग्राम बनगुवां खुर्द में अवैध खनन में लगाई गई एक जेसीबी और पांच ट्रैक्टरों को जब्त किया। इस दौरान जेसीबी चालक मशीन लेकर भाग निकला। चर्चा है कि पुलिस जेसीबी मशीन जब्त करने उसके घर पहुंची तो लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसमें पुलिसवालों को चोट भी लगी। लेकिन पुलिस ने जेसीबी पकड़ ली। हालांकि सीओ किसी भी तरह की मारपीट से इंकार कर रहे हैं।
रविवार को रात में क्षेत्राधिकारी गश्त पर थे। उसी समय किसी ने उन्हें कोतवाली तालबेहट अंतर्गत तेरई फाटक चौकी क्षेत्र में स्थित ग्राम बनगुवांखुर्द में अवैध खनन की सूचना दी। उन्होंने मौके पर जाकर दबिश देकर पांच ट्रैक्टर पकड़ लिए लेकिन मौका पाकर जेसीबी मशीन चालक मशीन को लेकर भाग गया। पुलिस ने बाद में उसके घर से जेसीबी मशीन पकड़ ली।
गांव के लोगों में चर्चा है कि मशीन को पकड़ने गए सिपाहियों पर खनन कारोबारियों ने पथराव कर दिया। सिपाहियों के साथ हुई घटना के बाद भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। इसके बाद जेसीबी को कब्जे में लिया। पुलिस ने इस संबंध में खनन अधिकारियों को सूचना देकर मामला दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।
-----------------
रात में अवैध खनन के दौरान ट्रैक्टरों को पकड़ा था। इसकी सूचना खनिज विभाग को दे दी गई है। सिपाहियों के साथ किसी ने कोई मारपीट नहीं की है।
- देवेंद्र कुमार सिंह, सीओ तालबेहट