ललितपुर। दीपावली की खुशियों के बीच इस बार पटाखों की महंगाई ने भी जोरदार धमाका किया है। आतिशबाजी के शौकीनों को पटाखे खरीदने के लिए पिछले साल के मुकाबले अधिक जेब ढीली करनी पड़ रही है। तेज आवाज वाले पटाखे 20 से 25 फीसदी तक महंगे हुए हैं, जबकि बच्चों के पटाखों की कीमतों में भी उछाल आया है। इसके बावजूद पटाखा बाजार में खरीदारों का उत्साह कम नहीं हुआ है।
शहर के चौकाबाग स्थित मैदान में दुकानों पर पटाखों की सैकड़ों वैरायटी सजाई गई हैं। शुक्रवार देर शाम तक बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। इस बार इको फ्रेंडली यानी ग्रीन पटाखों की नई वैरायटी लोगों को आकर्षित कर रही है। पटाखा की दुकान लगाए अखिलेश नामदेव ने बताया कि थोक बाजार में ही इस बार पटाखों के दाम बढ़कर आए हैं। इसका असर फुटकर बाजार पर भी पड़ा है। पिछले साल बच्चों के पटाखों का जो पैकेट 300 से 360 रुपये में मिलता था, उसकी कीमत इस बार 400 से 430 रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह 100 से 120 रुपये में मिलने वाला अनार अब 150 से 190 रुपये में बिक रहा है। 15 सेंटीमीटर की फुलझड़ी 40 रुपये में मिल रही है। बच्चों के पसंदीदा पॉपकॉर्न यानी लसन बम की कीमत भी पांच रुपये से बढ़कर 10 रुपये हो गई है। बच्चों के लिए हेलीकॉप्टर, चकरी, अनार और रंग-बिरंगी फुलझड़ियां उपलब्ध हैं। युवाओं के लिए अलग-अलग तरह के स्काई पटाखे और शॉट की वैरायटी मौजूद हैं। स्काई बम के पैकेट की कीमत 10 रुपये से शुरू होकर 240 रुपये तक है।