ललितपुर। अपना दल के कार्यकर्ताओं ने जिले में आए आंधी तूफान के कारण हुई तबाही, ओलावृष्टि व अतिवृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा समेत छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
रविवार को अपना दल कार्यकर्ताओं ने ग्राम ककरुआ में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि तहसील महरौनी अंतर्गत ग्राम पंचायत ककरूआ में 19 मई को आंधी आई थी, जिससे आग लग गई थी। अग्निकांड में गांव के पूरन व हरीराम का मकान शत-प्रतिशत जल गया था, साथ ही गेहूं, सोयाबीन, मटर आदि की फसल के साथ अन्य गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया था। उन्होंने पीड़ितों के लिए शासन से आवास एवं 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाए जाने की मांग की। इसी घटनाक्रम के दौरान गांव के ही रूपन, इमरत, रामचरन, बच्चू को भी काफी नुकसान हुआ था। इनको शासन से 3-3 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाए जाने की मांग की गई।
जिले में किसानों को ओलावृष्टि का मुआवजा जल्द दिए जाने, खितवांस एवं महरौनी स्थित बैंकों की कार्यप्रणाली की जांच कराने, किसानों का कर्जा 50 हजार रुपये तक माफ करने, ग्राम अर्जुनखिरिया व नाराहट में स्वीकृत विद्युत सब स्टेशनों का कार्य शीघ्र शुरू कराए जाने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी महरौनी रमेश चंद्र को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष जितेद्र सिंह, देवेंद्र पटेल, रामस्वरूप पटेल, जगदीश प्रसाद, पूरन, श्रीराम, रूप नारायण, इमरत, बच्चूलाल, हरनाम, सुखप्रसाद, दीपा, वीरेंद्र, अनिल, हरीराम, हरमन, पन्नालाल, देशराज आदि उपस्थित रहे।