कड़ेसराकलां/तालबेहट। शुक्रवार को रात में गांव के मजरा मन्याना में आग लगने से आसाराम पुत्र भैयालाल सहरिया की झोपड़ी में रखा गृहस्थी का पूरा सामान जल कर राख हो गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और लेखपाल मौके पर गए।
शुक्रवार को आशाराम का परिवार झोपड़ी के बाहर सो रहा था। अचानक उसकी झोपड़ी में आग लग गई। जिससे उसमें रखा 60 किलो गेहूं, बर्तन, कपड़े, दो हजार रुपये की नकदी तथा गृहस्थी का पूरा सामान जल कर राख हो गया। जब आशाराम ने धुआं उठता देखा तो तत्काल आवाज लगाई। आनन-फानन में आसपास के ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाई। जब तक ग्रामीण आग पर काबू करते तब तक पूरा सामान जल कर राख हो गया। उपजिलाधिकारी अनिल कुमार ने लेखपाल को मौके पर भेजा। जिस पर लेखपाल नाथूराम पाल ने मौके पर जाकर पूरा मुआयना किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रवीन्द्र अगरिया ने मौके पर जाकर गरीब के खाने की व्यवस्था की तथा हर संभव मद्द का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि आशाराम का आवास स्वीकृत हो चुका हैं। जिसका निर्माण प्रमुखता से कराया जाएगा। परिवार काफी गरीब है।