गृह स्वामी ने शार्ट सर्किट से आग लगने की जताई आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के मोहल्ला नेहरूनगर पतरुआ माता मंदिर के पास रहने वाली किशोरी विश्वकर्मा के कमरे में आग लग गई। आग से टीवी, इनवर्टर, कपड़ा सहित अन्य घरेलू सामान जल गए। मोहल्ले के लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है।
गृहस्वामी किशोरी विश्वकर्मा शुक्रवार को अपने परिजनों संग घर पर था। वह बाहर के कमरे में थे, जबकि परिजन अन्य कमरों में थे। अचानक से एक कमरे के अंदर से धुंआ निकलने लगा। इस पर कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर आग लगी थी। आनन-फानन वे आग बुझाने का प्रयास करने लगे लेकिन आग भड़कती रही और कपड़े और पलंग में आग पकड़ ली। मोहल्ले वाले मौके पर आए और उन्होंने पानी डालकर आग पर काबू पाया।
पीड़ित गृहस्वामी ने बताया कि आग में रखा टीवी, कूलर, इनवर्टर सहित गद्दा, कपड़ा और घरेलू सामान जल गए। किशोरी ने बताया कि आग लगने पर उन्होंने डायल-112 को कॉल किया था लेकिन कॉल न लगने पर वह अपने परिजन व मोहल्लेवालों के साथ आग बुझाने में जुट गए और आग पर काबू पाया। आग से करीब 70-80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।