संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बंट के जंगल में मंगलवार की शाम अचानक आग लग गई। इसकी सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अग्निशमन और वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड व वन विभाग की टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली थी।
ललितपुर रेंज अंतर्गत बंट वन बीट में मंगलवार की शाम आग दिखाई दी। खेतों पर फसल की रखवाली कर रहे किसानों ने इसकी सूचना वन विभाग व फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर अग्निशमन विभाग व वन विभाग टीम पहुंच गई लेकिन जब तक टीम पहुंचती, हवा से यह आग करीब ढाई एकड़ इलाके में फैल गई। इस आग से जंगल में रहने वाले वन्य जीवों को खतरा बना हुआ है। हालांकि अग्निशमन विभाग व वन विभाग टीमें देर रात तक आग बुझाने का प्रयास करती रहीं।
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी नवीन कुमार शाक्य ने बताया कि जंगल में आग पर काबू पाने की सूचना मिलते ही टीमों को रवाना कर दिया गया है। विभागीय टीम आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। आग लगने के कारणों का पता किया जाएगा।