ललितपुर। बिजली विभाग द्वारा फिर से अपने उपभोक्ताओं को सस्ते एलईडी बल्ब वितरित किए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों ने वितरण के लिए दस हजार बल्ब मंगाए हैं। विद्युत विभाग अब तक दस हजार एलईडी बल्ब बांट चुका है।
उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन ने जनपद में विद्युत विभाग द्वारा सस्ते और कम खपत वाले एलईडी बल्बों का वितरण शुरू किया था। यह बल्ब विभाग द्वारा उन उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा गए, जिन्होंने विद्युत बिलों का पूर्ण भुगतान कर दिया है। बिल के भुगतान की रसीद दिखाने पर सात वाट का बल्ब बाजार से काफी कम कीमत पर मात्र 85 रुपए में उपलब्ध कराए गए। गत महीने तक विभाग द्वारा दस हजार बल्बों का वितरण किया गया। स्टाक खत्म होने पर तीन सप्ताह से बल्बों का वितरण विभाग द्वारा बंद कर दिया था। हालांकि, प्रत्येक सोमवार को खराब एलईडी बल्ब बदले जा रहे हैं। सस्ते और कम खपत वाले बल्ब नहीं मिलने से उपभोक्ता काफी परेशान हैं, इस पर विद्युत विभाग ने एक बार फिर से दस हजार और बल्ब मंगाए हैं।
विभाग द्वारा फिलहाल बल्ब वितरण के लिए समय और दिन निश्चित नहीं किया गया है। हालांकि, विभागीय अधिकारियों ने जल्द बल्ब वितरण का आश्वासन जरूर दिया है। विभाग द्वारा सप्ताह में दो दिन वितरित करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को एलईडी बल्ब उपलब्ध कराने के साथ विभागीय कर्मचारियों से अन्य कार्य भी लिया जा सके।