स्टेशन प्रबंधक की शिकायत के बाद भी आरपीएफ व जीआरपी असामाजिक तत्वों को नहीं पकड़ पा रही
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रेलवे स्टेशन पर कुछ दिनों से असामाजिक तत्वों ने उत्पात मचा रखा है। यह लोग प्लेटफार्म नंबर एक व दो पर बने शौचालयों के नल की टोटी तोड़ रहे हैं। वहीं, बुधवार को विश्रामघर में लगे एसी का पाइप ही तोड़ दिया गया। इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक कई बार आरपीएफ व जीआरपी को मौखिक व लिखित रूप सूचना से दे चुके हैं, लेकिन घटनाएं बंद होने का नाम नहीं ले रही हैं।
हाल ही में अमृत विकास योजना के तहत यहां कई नए शौचालय बनाए गए हैं। लेकिन, कई बार तो शौचालयों में शराब की बोतलें भी सफाई कर्मियों को मिली हैं। प्लेटफार्म पर पुलिस की ड्यूटी भी रहती है। लेकिन आरपीएफ व जीआरपी इन असामाजिक तत्वों को पकड़ नहीं पा रही है।
-
मानसिक रूप से बीमार महिला से शौचालयों को कब्जा मुक्त कराया
कुछ दिन पूर्व प्लेटफार्म नंबर दो व तीन पर शौचालयों में मानसिक रूप से बीमार एक महिला ने कब्जा जमा लिया था। आरपीएफ ने उसे किसी तरह शौचालय से हटाया था। वह शौचालय के करीब जाने वाले लोगों पर पत्थरों से हमला करती थी। पहले माना जा रहा था कि वही इन शौचालयों को क्षतिग्रस्त कर रही है। लेकिन, अब ऐसा कौन कर रहा है, इस पर नजर रखी जा रही है।
रोज रात में प्लेटफार्म के शौचालयों में लगी टोटियों को तोड़ा जा रहा है। इसकी सूचना कई बार आरपीएफ व जीआरपी को दी जा चुकी है। लेकिन, अभी तक इन घटनाओं में कमी नहीं आई है। -डीके चतुर्वेदी, स्टेशन प्रबंधक।