सिंडीकेट की तलाश भी हो रही, बालाबेहट के जंगल से होकर गुजरी है पेट्रोलियम पाइप लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बालाबेहट के जंगल क्षेत्र से निकली पेट्रोलियम पाइप लाइन से तेल चोरी होने की बार-बार घटनाएं होने के बाद पुलिस की विशेष टीम तेल चोरी करवाने वाले मास्टर माइंड सहित पूरे सिंडीकेट की तलाश में जुटी हुई है। मंगलवार की रात पुलिस की इस विशेष टीम ने बालाबेहट क्षेत्र के जंगली क्षेत्र में भ्रमण कर मौका मुआयना किया।
भारत पेट्रोलियम लिमिटेड की जनपद के बालाबेहट जंगल क्षेत्र से होकर पाइप लाइन गुजरी है। जंगली क्षेत्र से गुजरने के कारण इस पाइप लाइन से तेल चोरी करने की घटनाएं भी प्रकाश में आती रहती हैं। हालांकि इस पाइप लाइन से तेल चोरी न हो सके, इसके लिए कंपनी के कर्मचारी दिन व रात को गश्त करते रहते हैं। बावजूद इसके पाइप लाइन में सेंध लगाकर तेल चुराने वाले चोरी करते रहते हैं।
हाल ही में 13 जुलाई की रात बालाबेहट क्षेत्र में जंगल के अंदर चैनल 29.7 पर चोरों ने जमीन खोदकर पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर तेल चोरी करने का प्रयास किया था। जिस पर थाना बालाबेहट पुलिस व एसओजी सर्विलांस टीम ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस टीम को पेट्रोलियम पाइप लाइन से तेल चोरी होने को लेकर काफी कुछ जानकारी सहित इसका एक सिंडीकेट होने की जानकारी मिली थी।
इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम तेल चोरी करवाने वाले मास्टर माइंड सहित पूरे सिंडीकेट की तलाश में जुटी हुई है। मंगलवार की रात पुलिस की इस विशेष टीम ने बालाबेहट क्षेत्र के जंगली क्षेत्र में भ्रमण कर मौका मुआयना किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाइप लाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी करने वालों के तार गुजरात तक जुड़े हैं।
वॉल्व लगाकर पहले भी हो चुका है तेल चुराने का प्रयास
इससे पूर्व फरवरी 2022 को ग्राम डोंगराकलां-महोली के जंगल क्षेत्र में इस पेट्रोलियम पाइप लाइन में सेंधमारी करते हुए वॉल्व लगाकर तेल चुराने का प्रयास हुआ था। इसमें वॉल्व लगाने का प्रयास असफल रहा था और पेट्रोल रिसता रहा था। इस मामले में पुलिस थाना में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।