मंत्री के दूसरे बेटे ने यातायात कर्मियों पर लगाया अभद्रता का आरोप
राज्यमंत्री के बड़े पुत्र चंद्रशेखर पंथ का कहना है कि पिसनारी तिराहा पर बालू के डंपर निकलवाने के लिए दबाव वाली जो बात कही जा रही है इसमें स्पष्ट करना है कि उनके पास न ही कोई ट्रक है और न डंपर। न ही कोई बालू की लीज है। सभी आरोप निराधार और गलत हैं। कोई मारपीट नहीं की गई है। पुल पर देर रात ट्रैफिक पुलिस द्वारा अवैध तरीके से भारी वाहनों का निकाला जा रहा था जिसे उनके भाई नरेश पंथ द्वारा रोके जाने पर वहां तैनात यातायात कर्मियों ने अभद्रता की। झूठी अफवाह फैलाकर वीडियो वायरल किया है।
मामले में निष्पक्ष जांच के लिए उस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे में दो घंटे पहले के फुटेज निकलवाकर देखा जा सकता है कि वहां ट्रैफिक पुलिस कर्मियों द्वारा भारी वाहन निकाले जा रहे थे। उनके भाई इलाइट स्थित पेट्रोल पंप से रोकड़ लेकर लौट रहे थे तो लोगों ने ट्रक निकाले जाने की शिकायत की। भाई नरेश पंथ ने पुलिस कर्मी को बताया, जिस पर पुलिसकर्मी ने अभद्रता की। पुलिस अधीक्षक को रात में ही अभद्रता के बारे में बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला घुसयाना के पुल से भारी वाहनों के निकलने पर रोक लगाई गई है। बुधवार की रात बालू से भरे कुछ डंपर निकल रहे थे, जिन्हें रोका गया। इस पर वहां पर चार पहिया वाहन से शराब के नशे में आए लोग खुद को मंत्री का बेटा बताते हुए डंपर निकालने की बात करने लगे। जब रोका गया तो गालियां देते हुए अभद्रता की और मारपीट कर दी। उसने अपने उच्चाधिकारियों व कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड है। -निहाल सिंह सेंगर, एएसआई, यातायात विभाग।
मामले की जांच कराई जा रही है। जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। - गोपाल कृष्ण चौधरी, पुलिस अधीक्षक।