संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे जिला सूचना विज्ञान कार्यालय में तैनात कर्मचारी की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। बाइक पर सवार उसकी पत्नी जोकि प्रधान डाकघर में तैनात हैं, ट्रक के पहिया के नीचे आ गईं और उनकी मौत हो गई। जबकि पति व पुत्र चोटिल हो गए।
शहर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी अर्पित जैन जिला सूचना विज्ञान कार्यालय में तैनात हैं। बृहस्पतिवार रात 8:30 बजे वह पत्नी सिमी जैन (37) व पांच वर्षीय पुत्र के साथ गल्ला मंडी के पास स्थित शादी कार्यक्रम में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। गल्ला मंडी के आगे पेट्रोल पंप के समीप ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
अर्पित जैन व उनका पुत्र गिर गए, जबकि सिमी जैन ट्रक के पहिया के नीचे आ गईं। राहगीरों की मदद से आनन-फानन घायल सिमी को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी सदर चंद्रभूषण प्रताप सिंह, मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डी. नाथ सहित जिला प्रशासन के अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मृतका सिमी जैन प्रधान डाकघर में कार्यरत थीं। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को पकड़ लिया।फ