ललितपुर। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में हुई तब्लीगी जमात से देश भर में फैले कोरोना के खौफ के बीच बृहस्पतिवार की शाम को पुलिस ने शहर की एक मरकज (केंद्र) में 12 मार्च से रुके कानपुर के 12 लोगों को वहां से हटा दिया। उन्हें अलग- अलग मस्जिदों में निगरानी के लिए रखा गया है।
कोतवाली पुलिस को बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि नदीपुरा स्थित मरकज में बाहर से आए कुछ लोग कई दिनों से रुके हैं। इस पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला ने पुलिस बल के साथ मरकज में पहुंचे। वहां जानकारी करने पर पता चला कि एक दर्जन लोग रुके हुए हैं। वह सभी कानपुर से 12 मार्च के पहले आए थे। कोई आठ मार्च को आया था तो कोई नौ मार्च को। सभी लोग कानपुर से आए थे और पहले जनता कर्फ्यू, फिर लॉकडाउन हो जाने के बाद से यहीं फंस कर रह गए।
खुफिया विभाग को रिपोर्ट मिली कि मरकज में कुछ लोग कई दिनों से रुके हैं। इसके बाद कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और मरकज में रुके लोगों को वहां से हटाया। सभी को शहर की अलग-अलग मस्जिदों में शिफ्ट कर दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि इनमें से कोई भी व्यक्ति तब्लीगी जमात में शामिल नहीं हुुआ था। सभी को निगरानी में रखा गया है। मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।