चौकी पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर मिले पांच लाख रुपये वास्तविक मालिक को लौटाते पिता-पुत्र। संवा
कस्बे में सड़क पर गिरे पांच लाख रुपये मिलने का मामला शुक्रवार को चर्चा का केंद्र बना रहा। एक छात्र और उसके पिता ने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश करते हुए सड़क पर लावारिस मिले पांच लाख रुपये पुलिस की मौजूदगी में वास्तविक मालिक को सौंप दिए।
कस्बा निवासी पेंटर रमाशंकर चौबे गुरुवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बाइक से डाकघर में 15 लाख रुपये जमा करने जा रहे थे। दरवाजे मोहल्ले से गुजरते समय रैनी के पास उनके थैले से पांच लाख रुपये नीचे गिर गए। डाकघर पहुंचकर जब उन्होंने गिनती की तो थैले में 10 लाख रुपये ही मिले, जिससे उनके होश उड़ गए। उन्होंने रास्ते में और घर पहुंचकर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
शुक्रवार सुबह बड़ा बाजार निवासी राजकुमार प्रजापति के पुत्र आदित्य प्रजापति को कॉलेज से लौटते वक्त उसी स्थान पर पांच लाख रुपये पड़े मिले। उसने घर आकर पूरी बात अपने पिता को बताई। इस बीच, रमाशंकर चौबे के रुपये खोने की बात फैल चुकी थी। राजकुमार ने अपनी बहन मीनू प्रजापति के साथ तुरंत रमाशंकर चौबे के घर पहुंचकर उन्हें रुपये मिलने की जानकारी दी।
इसके बाद जखौरा पुलिस की मौजूदगी में पूरी रकम रमाशंकर चौबे को वापस कर दी गई। अचानक अपनी पूरी गाढ़ी कमाई सुरक्षित वापस पाकर पेंटर और उनके परिजनों ने बड़ी राहत की सांस ली है। इस ईमानदार पहल के बाद से पूरे कस्बे में पिता-पुत्र की जमकर सराहना हो रही है।