पाली (ललितपुर)। एक साल से फसल बरबादी के मुआवजा की टकटकी लगाए किसानों का धरना आश्वासन पर स्थगित हो गया। एसडीएम ने 15 दिन में उनकी समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिया।
मुआवजे की मांग को लेकर पाली क्षेत्र के किसान सोमवार से बस स्टैंड पर धरने पर बैठ गए थे। बुधवार को एसडीएम प्रियंका सिंह ने धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों से बातचीत की। नगर पंचायत पाली के चेयरमैन रामकुमार चौरसिया और अन्य किसानों ने बताया कि एक साल से उन्हें फसल क्षति का मुआवजा नहीं मिला है। फसल बीमा का पैसा भी बैंकों में लटका पड़ा है। प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी किसान को राहत राशि नहीं मिल सकी है। उन्होंने जल्द से जल्द राहत राशि दिलाने की मांग की।
एसडीएम ने कहा कि वर्तमान में प्रशासन के पास 14 लाख रुपये हैं, जिसे छोटे किसानों को वितरित कर दिया जाएगा। शेष राशि आने पर किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। किसानों ने सभी को एक साथ राहत राशि देने की मांग की, इस पर एसडीएम ने सभी किसानों को पंद्रह दिन में क्षतिपूर्ति दिलाने का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि पंद्रह दिन में मांग पूरी नहीं हुई तो फिर से आंदोलन होगा। इस मौके पर लेखपाल अनिल कुमार, अरविंद चौरसिया, सुरेश जैन, भगवान सिंह, महेश बड़ेदा, तिलक यादव, राजू परिहार, पार्षद राम चौरसिया, सुरेंद्र परिहार आदि उपस्थित रहे।