ललितपुर। सूखा को देखते हुए रबी फसल के बीजों का शासन से अनुदान जारी किया गया है। हालांकि, यह अनुदान इतनी देर में घोषित हुआ है कि जिन किसानों को बुआई करनी थी, उन्होंने कर ली है।
जिला सूखाग्रस्त घोषित कर दिया गया है। किसान सही तरीके से अपने खेतों की बुआई कर सकें, इसके लिए शासन ने रबी फसल की बुआई के लिए बीजों पर अनुदान देने की घोषणा कर दी है। उप कृषि निदेशक हंसराज ने बताया कि गेहूं के बीज पर केंद्र सरकार द्वारा एक हजार रुपए, राज्य सरकार द्वारा देय चार सौ रुपए और राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त देय छह सौ रुपए कुल मिलाकर दो हजार रुपए अनुदान दिया जाएगा।
इसी तरह चना के बीज पर केंद्र सरकार द्वारा ढाई हजार रुपए, राज्य सरकार द्वारा आठ सौ रुपए, राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त देय सत्रह सौ रुपए और कुल मिलाकर पांच हजार रुपए अनुदान दिया जाएगा। मटर के बीच के लिए केंद्र सरकार द्वारा ढाई हजार रुपए, राज्य सरकार द्वारा आठ सौ रुपए और राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त देय सत्रह सौ रुपए व कुल मिलाकर पांच हजार रुपए अनुदान दिया जाएगा। इसी प्रकार मसूर के बीज पर केंद्र सरकार द्वारा ढाई हजार रुपए, राज्य सरकार द्वारा आठ सौ रुपए और राज्य सरकार द्वारा सत्रह सौ रुपए का अतिरिक्त अनुदान समेत कुल पांच हजार रुपए का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसानों के पास बीज खरीदने के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध नहीं है, तो अनुदान की धनराशि का पोस्ट डेटेड चेक जमा कर बीज प्राप्त कर सकते हैं।
यह है दिक्कत
ललितपुर। किसानों के पास पैसे की दिक्कत है। उन्हें अनुदान पर बीज खरीदने के लिए पहले बैंक में पोस्ट डेटेड चेक के माध्यम से पैसा जमा करना है। किसानों को तर्क है कि यदि उनके पास पर्याप्त पैसा होता तो उन्हें अनुदान की कोई जरूरत नहीं है। एक तो पैसा नहीं है, ऊपर से पोस्ट डेटेड चेक से पैसा जमा करने से उनका पैसा फंस जाएगा। फिर, पता नहीं कब तक वापस मिलेगा। इस चक्कर में किसान अनुदान से बच रहे हैं।