ललितपुर-बिरधा। मौसी के घर से गांव पहुंचे ग्रामीण का शव शनिवार को गांव के पास स्थित सजनाम बांध में बने पंप हाउस पर लोहे की रेलिंग से तौलिया-रस्सी के फंदे पर लटरा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने कर्ज की चिंता से आत्महत्या करना बताया है।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम कलोथरा हाल तालाबपुरा निवासी धीरज यादव (45) पुत्र रामदास का शव शनिवार की सुबह गांव के पास स्थित सजनाम बांध में हर घर जल नल योजना के बने पंप हाउस की रेलिंग से रस्सी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। मृतक के भतीजे संजय ने बताया कि धीरज दो दिन पूर्व मध्य प्रदेश के जिला सागर अंतर्गत ग्राम बीला अपनी मौसी के यहां गया था। शुक्रवार को ग्राम कलोथरा पहुंचा और बाइक खड़ी करके गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने चला गया था। कार्यक्रम के बाद वह वहां से निकल गया था। शनिवार की सुबह एक युवक गांव के पास स्थित सजनाम बांध के पास शौच क्रिया को गया था।
यहां बांध के भराव क्षेत्र में बने हर घर जल नल योजना के पंप हाउस की लोहे की रेलिंग से धीरज का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाई-एक बहन में दूसरे नंबर का था। उसके दो पुत्र हैं और चार एकड़ जमीन पर खेती किसानी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
मृतक के भतीजे ने केसीसी के कर्ज की चिंता में आत्महत्या करने की बात कही है। यह भी बताया कि वर्ष 2015 में दुर्घटना में धीरज का एक पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया था। इसके बाद से वह एक पैर से दिव्यांग हो गया था। थाना नाराहट प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।