ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खड़ोवरा में खेत में सिंचाई करते समय किसान की अचानक हालत बिगड़ने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम खड़ोवरा निवासी मनोहर (42) पुत्र भागीरथ मंगलवार की अलसुबह करीब साढ़े चार बजे खेत पर सिंचाई के लिए गया था। सुबह करीब आठ बजे जब वह सिंचाई करके हाथों में फावड़ा और कंधे पर शॉल रखकर खेत की मेड़ से लौट रहा था। इसी दौरान वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा। पास में ही खेत पर पहुंचे उसके चाचा बिहारी ने मनोहर को गिरते हुए देखा तो भागकर उसके पास पहुंचे और उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह उनसे नहीं संभला।
उन्होंने भागकर पास में घर से अन्य परिजनों को बुलाया। लेकिन, तब तक किसान की मौत हो चुकी थी। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के एक पुत्र व तीन पुत्रियां हैं, जिनमें एक पुत्री की शादी हो चुकी है।