थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सीरोन में एक किसान ने शुक्रवार की दोपहर में आत्महत्या कर ली। मृतक खेती किसानी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। परिजन आत्महत्या की वजह आर्थिक तंगी बता रहे हैं।
ग्राम सीरोन निवासी शोभाराम (55) पुत्र थनुआ कुशवाहा खेती- किसानी कर अपना और परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार की दोपहर पुत्र को सूचना मिली कि उसके पिता का मृतक शव ग्राम गोराकलां और पिसनारी के मध्य स्थित सिद्ध टोरिया के पास एक महुआ के पेड़ पर टंगा है। आनन- फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक के पुत्र हाकम कुशवाहा ने बताया कि उसके पिता की आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी, जिससे वह काफी परेशान रहा करते थे। संभवत: इसी परेशानी को लेकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। उधर, थाना पुलिस मड़ावरा से सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर मिली है। इसमें आत्महत्या के पीछे आर्थिक तंगी वजह बताई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।