ललितपुर। कोतवाली महरौनी के ग्राम चढ़रऊ निवासी अशोक पटेल (35) पुत्र मोहन ने शुक्रवार की रात को घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उड़द की फसल रखने के विवाद में उसकी मारपीट कर दी, जिसके बाद उसने घर जाकर फांसी लगाकर जान दे दी।
ग्राम चढ़रऊ निवासी अशोक पटेल के खेत में इस बार करीब पंद्रह बोरा उड़द की पैदावार हुई थी, जिस पर उसके भाई ने उड़द की फसल एक महिला के घर पर रखवा दी। इस बात की जानकारी मिलने पर अशोक उसके यहां गया और उड़द रखने का उलाहना दिया और उसके परिजनों को गालियां देने लगा, जिससे नाराज होकर विपक्षी के परिवारजनों ने उसके साथ मारपीट दी। जिससे वह परेशान होकर अपने घर चला गया और अपने कमरे में छत के कुंदे पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी।
उसकी बेटियां जब कमरे में गईं तो यह देखकर वह चीखने चिल्लाने लगीं। जानकारी मिलने पर खितवांस चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की चार बेटियां व एक बेटा है। मृतक के चाचा रामकिशन ने बताया कि अशोक के साथ गांव के ही एक व्यक्ति एवं उसके बेटों ने उड़द की फसल रखने के विवाद में मारपीट कर दी, जिसके चलते उसने घर जाकर फांसी लगा ली।