धौर्रा (ललितपुर)। थाना जाखलौन अंतर्गत गांव मादौन निवासी एक किसान का शव रविवार को अल सुबह खेत पर पड़ा मिला। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक किसान की खेत से मवेशी भगाने के दौरान हालत बिगड़ने से मौत हो गई।
थाना जाखलौन अंतर्गत गांव मादौन निवासी मोहन सिंह यादव (55) पुत्र तोरन सिंह यादव शनिवार देर शाम करीब सात बजे गांव में ही स्थित खेत पर फसल की रखवाली के लिए गया था। देर रात को वह खेत में ही चारपाई पर सो गया। रविवार अलसुबह करीब साढ़े पांच बजे उसके खेत में मवेशी घुस आए। वह मवेशी भगाने के लिए टार्च लेकर जाने लगा। उसने दूसरे खेत में सो रहे अपने भतीजे को भी टार्च दिखाकर इशारा किया। वह कुछ ही दूर चला कि अचानक गश खाकर गिर पड़ा। यह देख उसका भतीजा सीताराम अन्य परिजनों को आवाज देकर उसके पास गया और जाकर देखा, लेकिन तब तक मोहन की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर थाना जाखलौन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे सीताराम ने बताया कि मृतक के दो बेटा व एक बेटी है और वह छह भाइयों में पांचवें नंबर का था। उसके नाम पौने दो एकड़ जमीन है, जिस पर वह खेती करता था।
राजस्व कर्मी ने दर्ज किए बयान
सर्दी के चलते खेत में हुई किसान की मौत की जानकारी होने पर एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने गांव पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। पत्नी केशर ने बताया कि फसल की रखवाली के लिए वह खेत पर रुके थे। सुबह तड़के फसल देखने के दौरान ही खेत पर गिर पड़े। खेत पर अचेत अवस्था में पड़े होने की जानकारी पर वह लोग मौके पर पहुंचे तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया था।
परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - श्याममणि त्रिपाठी, तहसीलदार सदर