ललितपुर। थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम पिपरा में खेत में सिंचाई करने के दौरान सर्प के डसने से एक किसान की मौत हो गई।
ग्राम पिपरा निवासी जयप्रकाश (36) पुत्र स्व. रामदास कुशवाहा सोमवार की रात में करीब दस बजे खेत पर सिंचाई के लिए गया था। देर रात वह सिंचाई कर रहा था, तभी करीब तीन बजे खेत में ही उसे सांप ने डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। वह किसी प्रकार अपने घर पहुंचा और परिजनों को जगाकर सांप के डसने की बात बताई और बेसुध होकर गिर पड़ा। यह देख परिजनों ने आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जखौरा पुलिस ने सुबह गांव पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के मंझले भाई बृजभान ने बताया कि उसके भाई जयप्रकाश के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं, जिनमें बड़ी पुत्री की शादी हो चुकी है और वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मृतक के नाम कुल डेढ़ एकड़ जमीन है, जिस पर उसने गेहूं की फसल बोई थी।
हालत बिगड़ने से किसान की मौत
ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत मोहल्ला पंडापुरा निवासी एक किसान की खेत पर हालत बिगड़ने से मौत हो गई। जानकारी पर महरौनी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महरौनी के मोहल्ला पंडापुरा निवासी पन्नालाल (55) पुत्र कालूराम सोमवार की देर शाम को खेत पर फसल की रखवाली के लिए गया था। इसके बाद देर रात को अचानक उसकी हालत बिगड़ गई, जिस पर पास में मौजूद लोगों ने घर पर उसके परिजनों को सूचना दी, जिस पर परिजन उसे महरौनी के अस्पताल में ले गए, जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मेमो मिलने पर महरौनी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ज्वाला प्रसाद ने बताया कि मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री है और उसके पास एक एकड़ जमीन है।