ललितपुर। थाना मड़ावरा अंतर्गत गांव सतवांसा निवासी राघवेंद्र (37) पुत्र गुलाब सिंह लोधी को मंगलवार देर रात खेत में सिंचाई करते समय हृदयाघात हुआ। इलाज के लिए झांसी ले जाते समय रास्ते में किसान की मौत हो गई।
मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सतवांसा निवासी राघवेंद्र मंगलवार ने उड़द की फसल बोई थी। बीते दिनों हुई बारिश में फसल खराब होने से वह काफी परेशान चल रहा था। अब वह रबी की फसल की बुवाई की तैयारी कर रहा था। मंगलवार की देर रात जब वह खेत में सिंचाई कर रहा था, तभी अचानक उसके सीने में दर्द होने लगा। उसने मोबाइल से इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन खेत पर पहुंचे और किसान को जिला अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन झांसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
परिजन शव को वापस जिला अस्पताल ले आए। जानकारी पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई पंचम सिंह ने बताया कि उसके भाई राघवेंद्र के दो बेटे हैं। फसल खराब होने से वह परेशान चल रहा था।