महरौनी/ललितपुर। थाना सोजना अंतर्गत ग्राम गुढ़ा में इंटर कॉलेज के बाहर स्थित कैंटीन में चाय पी रहे एक ग्रामीण पर छह लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ग्रामीण ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उस पर दो बार तमंचा से फायर करने का भी आरोप लगाया है। घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
थाना सोजना के ग्राम भदौरा निवासी महेंद्र प्रताप सिंह बुंदेला उर्फ बब्लू राजा (50) पुत्र रघुवीर सिंह बृहस्पतिवार को दोपहर में लगभग साढ़े तीन बजे ग्राम गुढ़ा में स्थित इंटर कॉलेज के बाहर बनी कैंटीन में चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक गांव निवासी करीब छह लोग चार पहिया वाहन से आए और उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। यह देख कुछ लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोप है कि उनमें से एक आरोपी ने तमंचा से दो बार फायर कर दिया। जिससे तमंचे की गोली से निकले छर्रे उसे छूते हुए निकल गए, जिससे उसे चोट आई है। जब अधिक ग्रामीण एकत्रित हो गए तो उक्त लोग मौके से भाग गए। इसके बाद उसने अपने परिजनों व पुलिस को घटना की जानकारी दी और 108 एंबुलैंस की मदद से उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस हमले में उसके दोनों हाथ व दोनों पैर एवं पसली व सिर में चोटें आयी हैं। फिलहाल सोजना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।