ललितपुर। नगर में संचालित मॉडल शॉप व अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समैन
के मकान से नकली शराब का जखीरा बरामद होने से पुलिस और प्रशासनिक अमले में
खलबली मच गई है। साथ ही, व्यापक पैमाने पर हुई बरामदगी से यह सवाल उठ रहा
है कि आखिर यह गोरखधंधा किसकी शह पर चल रहा था। हैरान कर देने वाली बात यह
है कि जहां पुलिस विभाग ने पिछले छह माह में एक दर्जन मिलावटी शराब के
प्रकरण दर्ज कराए हैं, वहीं आबकारी विभाग को हर महीने साठ दुकानें चेक करने
पर एक भी बोतल शराब संदिग्ध नहीं मिली।
आबकारी विभाग के नियमों के
मुताबिक जिला आबकारी अधिकारी को हर माह पच्चीस फीसदी दुकानों का निरीक्षण
करना चाहिए। इस दौरान शराब की गुणवत्ता, दुकान के मानक, रेट सूची आदि की
जांच करनी होती है। नकली शराब की जांच के लिए जिला आबकारी अधिकारी और
निरीक्षक को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसी तरह, आबकारी निरीक्षक को
महीने में एक बार प्रत्येक दुकान का निरीक्षण करना चाहिए। जिला आबकारी
अधिकारी का दावा है कि उन्होंने प्रत्येक माह अंग्रेजी, देसी व बियर की
दुकानों का निरीक्षण किया है।
इस दौरान एक मामला नकली शराब से संबंधित नहीं
पाया गया है, वहीं दूसरी ओर पुलिस विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी
से लेकर अब तक मिलावटी शराब से संबंधित एक दर्जन मुकदमे दर्ज कराए गए हैं,
जिसमें व्यापक पैमाने पर देसी व अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इतना ही
नहीं, पुलिस विभाग का यह आंकड़ा पंद्रह दिन पहले तक का है। लगभग हर दिन
किसी न किसी क्षेत्र में नकली मिलावटी शराब बरामद होने के मुकदमे दर्ज कराए
जा रहे हैं। ऐसे में आबकारी विभाग के निरीक्षण के दावों पर सवालिया निशान
लग रहा है।
नकली माल मिलने पर निरस्त हुई थी ये दुकानें
वर्ष
2012 में निरीक्षण के दौरान नकली शराब पाए जाने पर ग्राम नत्थीखेड़ा स्थित
देसी शराब की दुकान, तेरई फाटक स्थित बीयर की दुकान, सैदपुर स्थित
अंग्रेजी शराब की दुकान निरस्त की गई थी। इसी तरह, वर्ष 2014 में ग्राम
दिदौनिया स्थित शराब की दुकान से नकली शराब का जखीरा बरामद हुआ था। बार और
कोतवाली क्षेत्र के दैलवारा गांव में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भी
भारी मात्रा में नकली शराब और नकली होलोग्राम, ढक्कन आदि सामान बरामद किया
गया था, लेकिन आबकारी विभाग ने इन तमाम कार्रवाइयों से कोई सबक नहीं लिया।
------------------------------
जिले में शराब की दुकानों की स्थिति
-------------------------------
दुकान संख्या
अंग्रेजी 35
देसी 79
बियर 22
माडल शॉप 05
--------------------------------
---------------
-इनका कहना है -
हर
महीने अंग्रेजी, देसी और बीयर की 50 से 60 दुकानों पर निरीक्षण किया गया
है। निरीक्षण के दौरान एक भी संदिग्ध होलोग्राम वाली बोतल, हाफ अथवा
क्वार्टर नहीं मिला है।
धीरज सिंह
जिला आबकारी अधिकारी, ललितपुर।