पाली। थाना पाली क्षेत्र अंतर्गत उप्र सरकार की पट्टिका लगे वाहन से वसूली की नीयत से खाद की दुकान पर पहुंचे पांच लोगों में से चार भागने मे सफल रहे जबकि एक को व्यापारियों ने दबोच लिया। ये लोग दुकान पर पहुंचे और खाद का सैंपल लेने लगे, दुकानदार को शक होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। पर, पुलिस आ पाती इसके पहले ही ये लोग स्थिति को भांपकर मौके से भागने लगे पांच तो भाग गए पर एक को लोगों ने पकड़ा लिया। पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि वह कबाड़ का काम करता है और गर्मियों में कुल्फी बेचता है। इस मामले में कृषि विभाग के एक कर्मचारी की संलिप्तता भी उजागर हुई है। जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव ने कृषि विभाग के वरिष्ठ सहायक को निलंबित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश सरकार की पट्टिका लगाए एक चार पहिया वाहन में छह लोग लोग कस्बा पाली में रविवार को प्राथमिक विद्यालय के पास नीतेश जैन की खाद की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने अपना परिचय कृषि अधिकारी के रूप में देते हुए दुकान से खाद के सैंपल लेने को कहा। जब दुकानदार ने कहा कि कल ही तो एक टीम सैंपल ले गई है, आज आप फिर आ गए। लेकिन, उन्होंने गाड़ी की ओर इशारा करते हुए दुकानदार पर रौब गांठा और स्वयं ही दुकान से सैंपल के लिए शीशियां उठा लीं। इसके बाद दुकानदार ने उनसे नमूने की रसीद मांगी तो रसीद देने के नाम पर आनाकानी करने लगे। इससे दुकानदार को उन पर शक हो गया और उसने पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में पुलिस पहुंच गई, लेकिन पुलिस को आता देख चार लोग गाड़ी से भाग गए, जबकि एक व्यक्ति वहां मौजूद लोगों के हत्थे चढ़ गया। उसे पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। फर्जी टीम द्वारा सैंपल लेने की खबर फैलने पर कस्बा के व्यापारी लामबंद हो गए। थाने पहुंचकर व्यापारियों ने पकड़े गए युवक और साथियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस पर व्यापारियों को समझाया गया और कार्रवाई का आश्वासन दिया तब सभी शांत हुए।
पुलिस को देख भागे फिल्मी स्टाइल में
टीम में शामिल एक व्यक्ति गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठा था और गाड़ी स्टार्ट थी। जैसे ही उसने पुलिस को देखा तो हॉर्न बजाकर साथियों को सूचित किया। इस पर एक को छोड़कर सभी गाड़ी में बैठकर तेज रफ्तार से भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस एवं दुकानदारों ने उनको पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह गाड़ी से कट मारते हुए फिल्मी स्टाइल में भाग गए।
ग्राम बम्हौरी में पी शराब
खाद विक्रेता ने बताया कि फर्जी टीम में शामिल एक व्यक्ति कृषि विभाग में कर्मचारी है, जो अक्सर कृषि अधिकारियों के साथ देखा जाता है। वहीं, पकड़े गए युवक ने बताया कि वह कबाड़ी का काम करता है, लेकिन गर्मियों के मौसम में कुल्फी बेचता है। पहले जाखलौन के ग्राम बम्होरी में सभी ने मिलकर शराब पी। इसके बाद कृषि विभाग के कर्मचारी के कहने पर वह पाली में दुकानदारों से सैंपल के नाम पर पैसे वसूलने आए थे।
कृषि विभाग के अफसर परेशान
पाली। सैंपल लेने आई फर्जी जांच टीम में शामिल कृषि विभाग के एक कर्मचारी का नाम प्रकाश में आने पर विभागीय अधिकारी परेशान हो उठे। अफसरों ने थाने में आकर मामले की जानकारी की। जब पत्रकारों ने अधिकारी से इस मामले में थाने आने का कारण जानना चाहा तो वह बनिा कुछ बताए निकल गए।
व्यापारियों ने जताई चिंता
पाली। कृषि वभिाग के कर्मचारी के साथ मिलकर 26 जनवरी को फर्जी टीम ने जिस प्रकार ठगी की चाल चली, उससे व्यापारियों में आक्रोश है। एक तरफ व्यापारी इंस्पेक्टरराज से मुक्ति चाहते, वहीं दूसरी तरफ विभाग से जुड़े ऐसे लोग दुकानदारों के लिए सिर दर्द बने हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुदामा साहू ने कहा कि फर्जी टीम में शामिल सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। अन्यथा की स्थिति में व्यापारी लामबंद होने को मजबूर होंगे।
थाने में दिया शिकायती पत्र
पाली। कस्बा निवासी दुकानदार नितिन जैन ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि सफेद रंग की गाड़ी में सवार पांच लोग आए और दुकान का लाइसेंस मांगने लगे। उक्त लोगों ने दुकान में रखी उर्वरक और कीटनाशक की शीशी उठा ली। मना करने पर वह जान से मारने की धमकी देने लगे। संदेह होने पर इसकी सूचना मोबाइल फोन से पुलिस को दी। इस दौरान वह मेरे पिताजी को अपने साथ घसीटते हुए ले जाने लगे, जिससे उन्हें कई जगह चोटें आ गईं। इस दौरान फर्जी जांच टीम में शामिल एक युवक मोहल्ला आजादपुरा राजपूत कॉलोनी निवासी देवेंद्र को पकड़ लिया। सभी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गाड़ी के फोटो ले लिए
गाड़ी तो भागने में कामयाब रही, लेकिन दुकानदार ने होशियारी दिखाते हुए गाड़ी का फोटो ले लिया। इससे पुलिस को बाकी लोगों तक पहुंचने में सहूलियत हो जाएगी।
कृषि विभाग का वरिष्ठ सहायक निलंबित
उप कृषि निदेशक संतोष कुमार सविता ने कृषि विभाग में वरिष्ठ सहायक कुलदीप कु्शवाहा को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्राधिकारी पाली केशवनाथ ने फोन पर सूचित करते हुए बताया कि विभागीय कर्मचारी की फर्जी सैंपल लेने में संलिप्तता है। मौके पर जो गाड़ी लाई गई थी, वह विभागीय कर्मचारी की बताई जा रही है। इस आधार पर वह और जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव मौके पर पहुंचे। वाहन की फोटो के आधार पर और स्थानीय लोगों के बताए अनुसार प्रतीत हो रहा था कि विभागीय कर्मचारी की संलिप्तता है। इसे संज्ञान में लेेकर कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पकड़े आरोपी को नहीं पहचानते हैं।
पाली में भीड़ के बीच में पकड़ा गया आरोपी- फोटो : LALITPUR