संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मोबाइल, कंप्यूटर व लैपटॉप ज्यादा देर तक चलाने से आंखों की नमी कम हो रही है। मेडिकल काॅलेज के नेत्र विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन 15-20 मरीज इस समस्या का उपचार कराने आ रहे हैं।
नेत्र रोग विशेषज्ञों के अनुसार मोबाइल, कंप्यूटर व लैपटॉप के स्क्रीन की तेज रोशनी आंखों की नमी को क्षति पहुंचाती है। साथ ही अनिद्रा और तनाव बढ़ता है। आंखों में एक टियर फिल्म (आंसुओं की परत) होती है, जो नमी बनाए रखने के लिए सुरक्षा कवच की तरह कार्य करती है। सामान्य तौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति एक मिनट में 18-20 बार पलकें झपकाता है, इससे नमी बनी रहती है।
लेकिन, लंबे समय तक लैपटॉप, कंप्यूटर व मोबाइल का प्रयोग करने से आंखें अधिक देर तक खुली रहती हैं। इससे नमी में कमी आती है। साथ ही आंखों पर जोर पड़ता है, इससे रोशनी प्रभावित होने लगती है। नेत्र रोग विभाग के चिकित्सक डॉ. साजिद ने बताया कि ओपीडी में प्रतिदिन 15-20 मरीज आंखों में नमी कम होने के पहुंच रहे हैं, इनमें 60 फीसदी बच्चे व 40 फीसदी युवाओं में दिक्कत है।
स्क्रीन पर अधिक समय बिताने के कारण छोटी उम्र में बच्चों को चश्मा लग रहा है। सिरदर्द की समस्या आ रही है। चिड़चिड़ापन भी हो रहा है। चिकित्सकों की सलाह है कि अधिक देर तक स्क्रीन के संपर्क में न रहें। मोबाइल देखते समय कम से कम 20 से 28 इंच दूरी पर रखें। पर्याप्त नींद लें। खानपान में संयम बरतें।
-
ये हैं लक्षण
- आंखों में जलन होना।
- आंखों में खुजली व दर्द होना।
- आंख लाल हो जाना
- आंख से पानी निकलना।