संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर केंद्रों पर व्यवस्था चाक चौबंद कराई जा रही है। तीन कंट्रोल रूम के साथ सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं।
23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए नेहरू महाविद्यालय पार्ट-1, नेहरू महाविद्यालय पार्ट-2, रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय, पीएन इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, जीआईसी, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज व श्रीवर्णी जैन इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, शौचालय, विद्युत, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। गैर जनपद से आने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र खोजने और वहां तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके प्रबंध किए जा रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि जिला स्तर के तीन कंट्रोल रूम बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन कंट्रोल रूम में तैनात करने के लिए कर्मचारियों को नामित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
डबल लॉकर में रखे जाएंगे प्रश्न पत्र
पुलिस भर्ती परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए जिला व पुलिस प्रशासन पुख्ता इंतजाम करने में जुटा है। प्रश्न पत्रों व उत्तर पुस्तिकाओं को सीसीटीवी की निगरानी में डबल लॉकर में रखा जाएगा। इसकी निगरानी के लिए चौबीस घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा।